शाहजहांपुर। असंगठित मजदूरों के साझा मंच उत्तर प्रदेश एवं राज्य की ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर प्रदर्शन और जुलूस के साथ खिरनीबाग रामलीला मैदान से कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि देश में आठ करोड़ 30 लाख असंगठित मजदूर पंजीकृत हैं। इनकी सामाजिक सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है। सरकारी आंकड़ा है कि इनमें से 93 प्रतिशत मजदूर 10 हजार रुपये से कम मासिक मजदूरी पाते हैं। इस भीषण महंगाई में वे किसी तरह से अपना जीवनयापन करते हैं। मांग है कि उनकी मजदूरी को बढ़ाया जाए।
मांग की कि मजूदरों के खड़े होने के लिए नगर निगम की ओर से छायादार स्टैंड बनवाए जाएं। हर माह होने वाली उद्योग बंधुओं की बैठक में असंगठित क्षेत्र की पंजीकृत यूनियन के पदाधिकारियों की डीएम और एसडीएम के बीच बातचीत तय की जाए। श्रम विभाग व अन्य विभागों की ओर से संबंधित बैठकों व लगने वाले शिविरों उनकी यूनियन को वरीयता दी जाए। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद खुर्शीद, आफताब अहमद, मतलूब अली, जहीर अली, मो.शकील, शांतिस्वरूप शर्मा, राजन मिश्रा, आशा, नन्ही, चेतराम आदि शामिल रहे।