शाहजहांपुर। दिनभर तेज धूप और उमस से बेहाल लोगों को सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे आई आंधी और उसके बाद बारिश ने थोड़ी राहत दी। इस दौरान कई स्थानों पर पेड़ गिर गए।
सोमवार को दिनभर तेज धूप रही। उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया। वहीं, रात आठ बजे के बाद मौसम बदलने लगा। नौ बजे बादल छा गए। रात करीब साढ़े नौ बजे हवा की रफ्तार काफी तेज हो गई। धूल भरी आंधी चलने लगी। इसके बाद बारिश शुरू हो गई। शहर में बूंदाबांदी हुई लेकिन कुछ ग्रामीण इलाकों में तेज बारिश हुई।
आंधी से रेल लाइन पर गिरा पेड़ : रोजा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी चौकी के पास आंधी में अमरूद का पेड़ रेल लाइन पर गिर गया। पेड़ लाइन नंबर तीन और चार पर गिरा। चार नंबर डाउन लाइन बताई जा रही है जिसके चलते कुछ ट्रेनों को शाहजहांपुर में रोका गया। सूचना पर रेलवे के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पेड़ को काटकर लाइन से हटाया। संवाद