लोक सेवा आयोग उत्तर प्रदेश इलाहाबाद की सम्मिलित राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2015 शहर में 29 मार्च को होगी। परीक्षा में कुल 7,536 अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। इनके लिए 17 केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर परीक्षा की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। पीसीएस परीक्षा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सीटिंग प्लान आदि को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
परीक्षा की प्रथम पाली सुबह 9.30 से 11.30 बजे और द्वितीय पाली अपरान्ह ढाई बजे से साढ़े चार बजे तक चलेगी। परीक्षा के लिए इस्लामिया इंटर कॉलेज, गुरु नानक पाठशाला कन्या हाई स्कूल, एबी रिच इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज, देवी प्रसाद इंटर कॉलेज, श्री दैवी संपद इंटर कॉलेज, एसएस लॉ कॉलेज, एसएस कॉलेज, एसपी कॉलेज, जीएफ कॉलेज ए और बी, राजकीय इंटर कॉलेज, आर्य महिला महाविद्यालय, नेव इंस्टीट्यूट इंटर कॉलेज, श्री हर कुमार पाठक कन्या इंटर कॉलेज और संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा के लिए सभी केंद्रों पर एसडीएम और तहसीलदारों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
एडीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
शाहजहांपुर। लोक सेवा आयोग के अंतर्गत होने वाली सम्मिलित राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा की तैयारियों को लेकर एक बैठक विकास भवन सभागार में हुई। इसमें एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रमोद श्रीवास्तव ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को परीक्षा शुचितापूर्ण ढंग संपन्न कराने के लिए नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में सभी एसडीएम, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।