फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शाहजहांपुर: सड़क हादसों में गई सात लोगों की जान, कई घायल; रक्षाबंधन पर कई घरों में छाया मातम

Sat, 29 Aug 2026 01:31 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर

सार

शाहजहांपुर जिले में रक्षाबंधन पर शुक्रवार को हादसों में सात लोगों की जान चली गई। निगोही में खंभे से बाइक टकराने से चचेरे-तहेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि मोपेड सवार व्यापारी की अज्ञात वाहन की टक्कर से जान चली गई। इसके अलावा तिलहर, कलान और बंडा क्षेत्र में भी हादसे हुए। 
विज्ञापन
दिलीप का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शाहजहांपुर के निगोही क्षेत्र के नारायनपुर गांव निवासी लक्ष्मीकांत उर्फ झंडू (25) और उनके चचेरे भाई अरुण कुमार (20) की चन्यूरा-हरसेली गांव के बीच अंधे मोड़ पर बिजली के खंभे से बाइक टकराने से मौत हो गई। अरुण शुक्रवार सुबह करीब दस बजे लक्ष्मीकांत के साथ अपनी भांजी प्रियंका की ससुराल हरसेली गए थे। दोपहर करीब 12 बजे दोनों बाइक से लौट रहे थे। मोड़ पर बाइक बिजली के खंभे से टकरा गई। 

विज्ञापन


सिर पर गंभीर चोट लगने से दोनों की मौत हो गई। हादसे की काफी देर तक किसी को जानकारी नहीं हुई। फोन रिसीव नहीं होने पर अरुण के पिता फूलचंद लोगों के साथ तलाश में निकले। करीब ढाई-तीन बजे सड़क किनारे झाड़ियों में बाइक का हैंडल दिखा। पास जाने पर दोनों के शव मिले। सूचना पर प्रधान नरेश सिंह और पुलिस पहुंची। अरुण हरियाणा में मजदूरी करते थे और दो दिन पहले ही रक्षाबंधन के लिए घर आए थे। 

सुबह बहन किरन से जल्द लौटने की बात कहकर निकले थे। वहीं, लक्ष्मीकांत की पत्नी शिवानी की दो माह पहले बीमारी से मौत हुई थी। अब तीन वर्षीय बेटे विवेक की जिम्मेदारी बाबा बाबूराम पर आ गई है। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि खंभे से टकराने से दोनों की मौत की सूचना मिली है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट होगा। 

 

विज्ञापन

सांड़ से टकराकर बाइक सवार ने दम तोड़ा
कलान में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर बृहस्पतिवार रात सांड़ से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। परौर क्षेत्र के खजुरी गांव निवासी अभिषेक (25) रक्षाबंधन पर घर आए थे। हादसे से एक दिन पहले भाई की मौत से बहन अंजली का रो-रोकर हाल बेहाल है। अभिषेक की शादी करीब एक साल पहले विनिता से हुई थी। वह नोएडा में मजदूरी करते थे। 

रक्षाबंधन पर घर में त्योहार मनाने के लिए हरियाणा के पानीपत में रहने वाली उनकी बहन अंजली भी आई हुई थी। बृहस्पतिवार शाम अभिषेक पटना देवकली में लगा मेला देखने गए थे। रात करीब साढ़े आठ बजे लौटते समय बाराकलां गांव स्थित बजरंगबली मंदिर के पास उनकी बाइक सड़क पर आए सांड़ से टकरा गई। 

पुलिस उन्हें उसावां सीएचसी ले गई, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। भाई का शव देखकर अंजली बैग में रखी राखी को देखकर बिलख पड़ी। परिवार की महिलाओं ने उसे संभाला। अभिषेक परमवीर चक्र विजेता जदुनाथ सिंह के परिवार से ताल्लुक रखते थे। 

तीन सड़क हादसों में चार लोग घायल
पुवायां में तीन सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए। पुवायां निवासी अनूप कुमार का 17 वर्षीय पुत्र राघव पुवायां में ही अपनी बहन के घर से राखी बंधवाकर साइकिल से घर जा रहा था। मोहम्मदी रोड पर सूरबाबा स्थान के बाइक की टक्कर लग जाने से अनूप और बाइक चालक गांव इटौली निवासी गुड्डू घायल हो गए। सिंधौली के गांव दिवाली निवासी रामनरेश अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए। एक अन्य हादसे में गांव कुइयां किरतापुर निवासी समोद कुमार घायल हो गए। 

दो बाइकों की भिड़ंत में चार घायल
कलान में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए। लोगों ने एंबुलेंस और अन्य वाहनों को फोन किया, लेकिन समय पर मदद नहीं पहुंच सकी। इस पर पुलिसकर्मियों और भाजपा नेताओं ने अपनी बाइकों से घायलों को उसावां (बदायूं) के अस्पताल पहुंचाया।

कलान थाना क्षेत्र के गांव बराकला निवासी हरपाल और मोहित बाइक से घर लौट रहे थे। वहीं, बदायूं के थाना उसहैत क्षेत्र के गांव नगासी निवासी शैलेश और रतन पटना देवकली स्थित मंदिर से लौट रहे थे। हाईवे पर दोनों बाइकों की टक्कर हो गई। एंबुलेंस के नहीं पहुंचने पर भाजपा नेता विकास मिश्रा, सोनू मिश्रा और एसआई सुनील के साथ कांस्टेबल अंकित ने अपनी बाइकों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से चारों की जान बच सकी। सीओ दीपक कुमार ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है। 

ट्रेन से उतरते ही सामने आई दूसरी ट्रेन, वकील की जान गई
तिलहर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी अधिवक्ता दिलीप (27) की बृहस्पतिवार देर रात ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। रक्षाबंधन के पर्व पर हादसे की खबर मिलते ही घर में खुशियों की जगह मातम छा गया।

परिजनों के अनुसार, दिलीप बृहस्पतिवार रात करीब 11:45 बजे बरेली से ट्रेन से तिलहर लौट रहे थे। स्टेशन से करीब 100 मीटर पहले रफ्तार धीमी होने पर वह ट्रेन से उतर गए। इसी दौरान सामने से दूसरी ट्रेन आ गई। उसकी चपेट में आने से दिलीप की मौके पर ही मौत हो गई। भाई गोविंद ने बताया कि दिलीप अधिवक्ता थे, साथ ही प्लाॅटिंग का काम भी करते थे। दिलीप की मौत से पिता राजाराम, मां सुषमा, भाई विष्णु, गोविंद, वीरपाल, संजीव कृष्ण और बहन अनीता, रिंकी व चांदनी का रो-रोकर बुरा हाल है। 

हादसे में घायल महिला ने दम तोड़ा 
बंडा में सड़क हादसे में घायल गांव लुकमानपुर बहेड़ा निवासी राजेंद्र कुमार की पत्नी विमला देवी (45) की इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। वह बृहस्पतिवार को पड़ोस के गांव धीमरपुर अपने पुत्र के साथ किसी काम से गईं थी। लौटते समय उनकी बाइक में किसी वाहन से टक्कर लग गई। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी। 

सड़क हादसे में मोपेड सवार परचून दुकानदार की मौत
निगोही क्षेत्र के गांव उदयपुर कटैया निवासी मोपेड सवार शफीक खां (60) की बृहस्पतिवार रात ग्राम बलेली के पास किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, शफीक खां की परचून की दुकान है। बृहस्पतिवार की रात वह शाहजहांपुर से परचून का सामान अपनी मोपेड पर लादकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे शाहजहांपुर मार्ग पर स्थित गांव बलेली के पास पहुंचे, तभी पीछे से किसी वाहन की टक्कर लगने से सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। 

राजकीय मेडिकल कॉलेज में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनकी पत्नी बानो बेगम, बेटे गुफरान, मोअज्जम का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। हादसा किस वाहन से हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। 

घायल बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत
जलालाबाद क्षेत्र के नौगवां गांव निवासी रामौतार (65) की शुक्रवार सुबह राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। सर्वेश ने बताया कि उसके पिता रामौतार 23 जुलाई को रोज की तरह जानवर चराने के लिए खेत पर गए थे। शाम करीब साढ़े छह बजे जब वह जानवरों के साथ पैदल घर को लौट रहे थे, तभी गांव रैपूरा के पास उन्हें अज्ञात वाहन से पीछे से टक्कर लग गई। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।

आमने-सामने बाइकों की टक्कर में चार घायल
मीरानपुर कटरा में उखरी रेलवे स्टेशन मार्ग पर ईंट भट्ठे के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दंपती समेत चार लोग घायल हो गए। ग्राम नवादा ताल्लुके पलिया निवासी विनोद कश्यप पत्नी मालती देवी और बेटी शालिनी के साथ बाइक से मीरानपुर कटरा जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आए बाइक सवार ग्राम उखरी निवासी अखिलेश कुमार से ईंट भट्ठे के पास टक्कर हो गई। तिलहर सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। 
विज्ञापन

दो बाइकों की टक्कर में पांच लोग घायल
पुवायां मोहम्मदी रोड पर गांव इटौली के पास दो बाइकों की टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। पुवायां के गांव धर्मंगदपुर निवासी रामगोपाल, गांव के ही रंजीत के साथ बाइक से मोहम्मदी से पुवायां आ रहे थे। लखीमपुर के थाना ऊचौलिया के गांव छोलाबारी निवासी राहुल आपने साथी पूरन और तीन वर्षीय पुत्र समर के साथ बाइक से मोहम्मदी की ओर जा रहे थे। गांव इटौली के पास दोनों की बाइकें टकरा जाने से पांचों लोग घायल हो गए। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें