सोमवार सुबह कटरा-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर कारगिल पेट्रोल पंप के पास सवारियां भरी डग्गामार जीप व टैंकर के बीच आमने सामने की हुई भिड़ंत में जीप के परखच्चे उड़ गए और उसके पहिए टूटकर अलग जा गिरे। जबरदस्त हादसा होने के बाद भी गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन ड्राइवर समेत गंभीर रूप से जख्मी सात लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया है जबकि मामूली चुटहिल लोग अपने गन्तव्य को रवाना हो गये। इस दौरान काफी देर तक यातायात बाधित रहा जबकि हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से भाग निकला।सोमवार सुबह करीब आठ बजे कस्बे से सवारियां भरकर डग्गामार जीप जरीनपुर को रवाना हुई जीप में करीब एक दर्जन लोग बैठे जिनमें से अधिकतर जरीनपुर में लगने वाले नखासे को जा रहे थे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब जीप उक्त स्थान पर थी तभी चालक ने आगे चल रहे तांगे को ओवरटेक करने का प्रयास किया इसी दौरान सामने से टैंकर आ रहा था और दोनों के बीच टक्कर हो गई। हादसे के दौरान जोरदार धमाका होने से आसपास के लोग उस तरफ दौड़ पड़े और जीप में फंसे घायलों को बाहर निकाला और जब तक पुलिस पहुंची राहगीरों ने सभी घायलों को सीएचसी पहुंचा दिया। घायलों में जीप चालक गांव ठिंगरी निवासी गुडडू, कस्बे के मोहल्ला वर्कजई निवासी शाहिद व शरीफ, मोहल्ला यूसुफजई निवासी नबाब, गांव कोला निवासी नाजिर तथा गांव गुनारा निवासी दूल्हा मियां तथा छुटटने की नाजुक हालत को देखते हुये सभी को जिला अस्पताल भेज दिया गया।