ककरा स्थित नगर निगम के नए भवन में जनसुनवाई में फरियादी की समस्या सुनते हुए नगर आयुक्त सौम्या ग
शाहजहांपुर। ककरा स्थित नगर निगम के नए कार्यालय में मंगलवार को पहली बार जनसुनवाई हुई। इसमें सात फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं, लेकिन मौके पर एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कांति देवी ने गली बनवाने, हुंडालखेल निवासी मुख्तार अहमद ने पाइप लाइन में पानी न आने, पार्षद अनूप मौर्य ने लोहारों वाले चौराहा पर नाली की मरम्मत, खलीलगर्वी निवासी प्रमोद मल्होत्रा ने जन्म प्रमाणपत्र बनवाने, मोहम्मद जई निवासी जीशान ने अतिक्रमण हटवाने, चिनौर निवासी अंचल सक्सेना ने दाखिल-खारिज कराने और कैसर जहां ने बीमा दिलाने संबंधी शिकायत की।
इस दौरान अपर नगर आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी, संयुक्त नगर आयुक्त संगीता कुमारी, सहायक नगर आयुक्त तरुण प्रताप सिंह, महाप्रबंधक जल विजय नारायण मौर्य, कर निर्धारण अधिकारी दिव्यांशु पांडेय, कर अधीक्षक विजय कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अतिक्रमण की शिकायत पर हुई नोकझोंक
अतिक्रमण हटाने की शिकायत लेकर पहुंचे फरियादी ने अधिकारियों से कहा कि वह एक साल से चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी बात को लेकर जनसुनवाई केंद्र में फरियादी और अधिकारियों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। मामला बढ़ता देख नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने दोनों पक्षों को शांत कराया और शिकायतकर्ता को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।