शाहजहांपुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में सत्रीय परीक्षाएं बुधवार से शुरू होंगी। इनके प्रश्नपत्रों को अगस्त तक के पाठ्यक्रम के आधार पर तैयार किया गया है। 23 सितंबर तक परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी।
बुधवार को पहले दिन की प्रथम पाली में कक्षा एक से पांच के विद्यार्थी मौखिक परीक्षाएं देंगे। जबकि कक्षा छह से आठ के छात्र-छात्राओं की प्रथम पाली में सामाजिक विषय तथा द्वितीय पाली में खेल एवं शारीरिक शिक्षा एवं स्काउटिंग गाइडिंग की लिखित परीक्षा होगी। बृहस्पतिवार को कक्षा एक की मौखिक परीक्षाएं होंगी।
कक्षा दो से आठ के विद्यार्थियों की प्रथम पाली में गणित तथा दूसरी पाली में कक्षा तीन से आठवीं तक के संस्कृत व उर्दू विषयों का पेपर होगा। शुक्रवार को प्रथम पाली में हिंदी तथा द्वितीय पाली में कला, संगीत, बेसिक क्राफ्ट, संबंधित कला, कृषि, गृह शिल्प विषयों के पेपर होंगे। शनिवार को अंग्रेजी, कला व संगीत विषयों, रविवार को हमारा परिवेश, विज्ञान, कार्यानुभव, नैतिक शिक्षा, पर्यावरणीय अध्ययन विषयों के पेपर संपन्न कराए जाएंगे।
बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि कक्षा एक से सभी विषयों की मौखिक परीक्षाएं ही कराई जाएगी। कक्षा दो से पांच के सभी विषयों की मौखिक परीक्षा उस विषय की लिखित परीक्षा से पहले होंगी। कक्षा छह से आठवीं की सत्र परीक्षा लिखित होगी।