संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। रोजा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रविवार को सर्वर डाउन होने के कारण आरक्षण काउंटर पर टिकटों की बुकिंग और कैंसिलेशन का काम प्रभावित रहा। सुबह आठ बजे से ही बारिश के बीच कई यात्री आरक्षित टिकट कराने के लिए स्टेशन पहुंचे, लेकिन सर्वर बंद होने से उन्हें निराश होकर इंतजार करना पड़ा। दोपहर दो बजे तक सर्वर चालू नहीं हो सका।
आरक्षण काउंटर बंद होने से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई यात्री टिकट बुक कराने पहुंचे थे, जबकि कुछ पहले से बुक टिकट कैंसिल कराने के लिए आए थे। सर्वर शुरू होने का इंतजार करते हुए यात्री घंटों स्टेशन पर बैठे रहे। दूर-दराज से आए यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी हुई।
रेलवे के सर्वर को जोड़ने वाली केबल कट जाने के कारण आरक्षण व्यवस्था बाधित हुई। इसके चलते पूरे दिन रोजा जंक्शन के आरक्षण काउंटर पर काम प्रभावित रहा। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एसके ठाकुर ने बताया कि शाहजहांपुर और रोजा जंक्शन के बीच रेलवे की केबल कट गई थी। इससे सर्वर डाउन हो गया और आरक्षण का काम प्रभावित हुआ।