बृहस्पतिवार दोपहर गांव करनापुर तथा कुम्हरूआ के बीच खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई जिसने हवा का साथ पाकर कुछ ही देर मे भीषण रूप धारण कर लिया। मौके पर पहुंचे गांव वालों ने जैसे तैसे आग पर काबू पाया परंतु इसके बाद भी करीब सौ बीघा की फसल राख हो गई। जानकारी मिलने पर नायब तहसीलदार ज्ञानेेंद्र यादव समेत कई राजस्व कर्मी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसीलदार को दी है। आग लगने का कारण उक्त खेतों के उपर से गुजरी बिजली लाइन के तारों में हुई स्पार्किंग होना और उसके चलते निकली चिंगारी का पकी फसल पर गिरना बताया जा रहा है। इस भीषण आग में गांव कुम्हरूआ के छेदालाल, रामचंद्र, छोटे लाल, मेवाराम, राजेंद्र, रामनाथ, शिवराज, ओमकार, रामनिवास आदि किसानों की फसल पूरी तरह जल गई। इस दौरान प्रभावित एरिया के आसपास पड़ने वाले कुछ लोगों ने आग का भयंकर रूप देख ट्रैक्टर से अपने खेत जोतने शुरू कर दिये। इधर तमाम गांव वालों की कड़ी मशक्कत के करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। बताते चले कि पहले अतिवृष्टि तथा बाद में सूखे की मार से दो फसलों से हाथ धोकर बुरी तरह परेशान किसानों को इस आग ने तगड़ा झटका दिया है।