पुवायां। क्षेत्र के एक गांव के प्राथमिक स्कूल की प्रधानाध्यापिका ने गांव के ही उच्च प्राथमिक स्कूल के इंचार्ज प्रधानाध्यापक पर गंभीर आरोपों में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रधानाध्यापिका ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि गांव के ही उच्च प्राथमिक स्कूल में तैनात इंचार्ज प्रधानाध्यापक दो वर्ष से कॉल कर और व्हाटसएप पर अश्लील मेसेज करते हैं। आरोपी उनको रास्ते में रोकते हैं और कई बार गला दबाने का प्रयास कर चुके हैं। गाली-गलौज कर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हैं और कहते हैं कि बात न मानने पर बच्चों को उठवा लेंगे।
प्रधानाध्यापिका के अनुसार उनके पति की वर्ष 2008 में मौत हो चुकी है। दो वर्ष से वह लोकलाज के कारण चुप रहीं। वर्तमान में वह अकेली रहती हैं और उनके बच्चे बाहर पढ़ाई कर रहे हैं। प्रधानाध्यापक उन पर अवैध संबंध बनाने को दबाव बना रहे हैं। ऐसे में उन्हें और बच्चों को आरोपी से जान का खतरा है। थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच कार्रवाई की जा रही है।