सिंधौली ब्लॉक की ग्राम पंचायत मुर्छा में प्रधानी के चुनाव में मतगणना के दौरान धांधली का आरोप है। वहां के ग्रामीणों ने प्रधानी का चुनाव लड़ने वाले मनोज दीक्षित के नेतृत्व में वोटों की गिनती दोबारा कराए जाने की मांग की। सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह ने कहा कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद निर्वाचन आयोग से जो भी निर्देश मिलेंगे, उसी के अनुरूप कार्यवाही होगी।
ग्राम पंचायत मुर्छा के रहने वाले मनोज कुमार दीक्षित, राजीव कुमार, कमलेश कुमार, राजबहादुर, अतुल कुमार, अरविंद, अमर सिंह, बाबूराम आदि ने राज्य निर्वाचन आयोग के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा है कि कोरोकुइयां के नेहरू इंटर कालेज में वोटों की गिनती के दौरान मुर्छा गांव की मतगणना में हेराफेरी की गई। मनोज दीक्षित के अनुसार उन्हें जानबूझकर हराने के लिए उनके पक्ष में पड़े कई वैध मतपत्र अवैध घोषित करके निरस्त कर दिए गए।