रेलवे के गार्ड ने चावल से भरी मालगाड़ी के दो डिब्बों की सील टूटी होने के कारण मालगाड़ी को ले जाने से इंकार कर दिया। बाद में मेमो के आधार पर आरपीएफ ने डिब्बों को रिसील कर गाड़ी को गंतव्य के लिए रवाना किया। इस कारण यह मालगाड़ी रोजा रेलवे स्टेशन पर करीब एक घंटे तक खड़ी रही।
रविवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे करनाल हरियाणा से एक मालगाड़ी चावल का रैक लेकर रोजा के ए-वन लाइन पर पहुंची थी। यहां स्टाफ को चेंज होना था रोजा के गार्ड प्रभु दयाल ने गाड़ी का चार्ज लिया तो दो डिब्बों की सील टूटी पाई। टूटी सील के डिब्बों से चावल की बोरी चोरी होने की आशंका को देखते हुए गार्ड ने मालगाड़ी ले जाने से मना कर दिया।
एसएस एमयू खान को घटना से अवगत कराया गया बाद में आरपीएफ को मेमो दिया गया। आरपीएफ के जवानों ने डिब्बों को रिसील किया तब जाकर गार्ड ट्रेन को ले जाने के लिए राजी हुए। यह गाड़ी दोपहर करीब ढाई बजे रोजा से सीतापुर के लिये रवाना की गयी।
इस मामले में आरपीएफ का कहना है कि बीसीएनएचएल बाक्स होने के कारण डिब्बों के दरवाजे चलती गाड़ी में अक्सर खुलकर सील तोड़ देते हैं। इस डिब्बे का किराया अन्य डिब्बों की अपेक्षा कम होता है। इन डिब्बो से भेजे गए माल को कम पाये जाने पर कोई व्यापारी रेलवे पर क्लेम नहीं कर सकता। हालांकि आरपीएफ ने चोरी की घटना से इंकार किया है।