पन्नघाट पुल के पास धंसी रोड। स्रोत : वीडियो ग्रैब
पुवायां। जेबां से महमूदपुर सैंजनिया जाने वाले मार्ग पर गोमती नदी के पन्नघाट पुल के पास एप्रोच रोड धंस जाने के कारण हादसे का खतरा पैदा हो गया है। आसपास के लोगों ने धंसी रोड के पास ईंटें रख दी हैं, जिससे वाहन चालकों को दूर से ही रोड धंसने का पता लग सके।
पन्नघाट पुल के पास रेतीला क्षेत्र होने के कारण मामूली बारिश में ही मिट्टी का कटाव होने लगता है और नदी की ओर मिट्टी बह जाने से सड़क भी धंस जाती है। मंगलवार सुबह लोगों ने पुल के पास एप्रोच रोड का धंसा देख अधिकारियों को सूचना दी और मिट्टी धंसने से बने गहरे गड्ढे के पास ईंटें रख दीं।
पन्नघाट मंदिर और गांव महमूदपुर सैंजनिया, जसंवतापुर आदि के लोगों ने बताया कि बारिश में हर वर्ष सड़क कटान की समस्या हो जाती है। ज्यादा बारिश होने पर पानी सड़क के ऊपर से चलने लगता है और आवागमन बंद हो जाता है। अभी मामूली बारिश हुई है, लेकिन सड़क धंस गई है। लोगों ने कहा कि विभागीय अधिकारियों को दीवार आदि उठवाकर मिट्टी कटाने रोकने की व्यवस्था करानी चाहिए।
-
पन्नघाट पुल पर बारिश की वजह से सड़क धंसी नहीं है। पटरी कट गई है। संबंधित जेई को निर्देश दिए गए हैं कि बुधवार तक इसकी मरम्मत करा दी जाए।
- महेंद्र पाल, अधीक्षण अभियंता, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड