अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में जिले की सीटों पर समाजवादी पार्टी का परचम फहराने के लिए प्रांतीय आह्वान पर सोमवार को गांधी भवन सभागार में नगर विधानसभा क्षेत्र के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं का सम्मेलन और प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य शशांक यादव ने कहा कि सांझी शहादत-सांझी विरासत वाली क्रांतिकारियों की धरती पर समाजवादी पार्टी के काम फिरकापरस्त ताकतों के मंसूबे पूरे नहीं होने देंगे।
कार्यकर्ताओं से खचाखच भरे सभागार में छाया उत्साह देखकर मुख्य अतिथि यादव ने कहा कि फिरकापरस्त सोंच रखने वाली कुछ ताकतें जनता को गुमराह करने की गरज से गंगा-जमुनी तहजीब में बिगाड़ पैदा करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन सभागार से लेकर शहर की गलियोें-सड़कों तक डोल रही उत्साही कार्यकर्ताओं की भीड़ यह साबित कर रही है कि चुनाव के वक्त अमन पसंद जनता केवल सपा को पसंद करेगी।
एमएलसी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने समाज के हर वर्ग के दबे-कुचले बेसहारा लोगों के लिए काम किए। सपा प्रत्याशी तनवीर खां के जीतने पर जनपद तेजी से तरक्की के रास्ते पर चलेेगा। राज्यमंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा और एमएलसी अमित यादव रिंकू ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्हें चुनाव कार्य में पूरी तन्मयता से जुटने की सलाह दी। अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने कहा कि एकता और भाईचारा पर केंद्रित मुख्यमंत्री का पैगाम कार्यकर्ताओं के बूते जिले में घर-घर पहुंचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदू और मुस्लिमों को बांटकर वोट की राजनीति वाली भाजपा और आरएसएस की साजिश इस बार कामयाब नहीं होगी।
इस मौके पर बसपा और भाजपा छोड़कर सपा की सदस्यता लेने वाले कार्यकर्ताओं की पदाधिकारियों ने पीठ थपथपाई। इससे पूर्व, पदाधिकारियों ने अतिथियों का 51 किलो की माला पहनाकर और तलवार भेंटकर स्वागत किया। जिला सचिव हिमांशु वाजपेयी के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में एमएलसी संजय मिश्रा, प्रदीप पांडेय, शरदवीर सिंह, सैय्यद रिजवान अहमद, रणंजय सिंह यादव, पंकज वर्मा सराफ, कपिल सिंह वर्मा, अजय गुप्ता, आफाक अली बच्चन, नीरज मिश्रा, जगजीत सिंह टांडे आदि ने विचार व्यक्त किए।
रोडवेज कर्मियों ने दिया प्रदर्शन को समर्थन
शाहजहांपुर। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद की स्थानीय इकाई से संबद्ध कर्मचारियों ने सोमवार को बैठक करके प्रांतीय नेतृत्व के पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुरूप बुधवार को लखनऊ में निगम मुख्यालय पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को हाथ उठाकर पूर्ण समर्थन दिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए परिषद के शाखाध्यक्ष राजेश पांडेय ने कहा कि अंतिम चरण में पहुंचकर आंदोलन उग्र होने लगा है। इसलिए सरकार को सचेत हो जाना चाहिए। उन्होंने मांगों पर सम्मान जनक निण्रय हासिल करने के लिए लखनऊ चलने का आह्वान किया, जिस पर सर्व सम्मत सहमति मिल गई। राकेश गुप्ता ने दो दशक से कार्यरत संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण का मुद्दा उठाया। बैठक में कृपाल सिंह, अमित पांडेय, विनोद मिश्रा, रमेश गुप्ता, संतोष शुक्ला, राकेश मिश्रा, राम खिलावन, अर्चना मिश्रा, कपिल अवस्थी, आशुतोष शुक्ला, शिवा सिंह, देशपाल सिंह आदि मौजूद रहे।