शाहजहांपुर। सदर थाने के बाहर बवाल करने वाले उपद्रवियों की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है। मंगलवार को भी पुलिस ने सोशल मीडिया पर चल रहीं वीडियो से उपद्रवियों को चिह्नित किया। साथ ही एकत्र की गईं सीसीटीवी फुटेज में लोगों की गतिविधियों को चेक किया। वहीं, भीड़ में शामिल लोगों ने अपनी सफाई देने के लिए अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काटना शुरू कर दिए हैं।
सोमवार की रात व मंगलवार को पुलिस की कई टीमें उपद्रवियों की तलाश में दौड़ती रहीं। बताया जा रहा है कि पुलिस की दबिश की जानकारी होने पर लोग अपने घरों पर नहीं मिले। वे अपने दूर की रिश्तेदारियों में चले गए हैं। वहीं, देर शाम चर्चा हुई कि पुलिस ने दो-तीन लोगों को पकड़ा है, लेकिन पुलिस ने ऐसी कोई पुष्टि नहीं की।
शुक्रवार की शाम सोशल मीडिया पर बहादुरगंज निवासी केके दीक्षित ने आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी की थी। टिप्पणी के बाद थाना गेट पर हुए बवाल में अधिकारियों को सड़क पर आना पड़ा था। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह व एसपी राजेश द्विवेदी ने खुद मोर्चा संभालकर माहौल शांत कराया था।
वहीं, थाना सदर बाजार पुलिस ने केके दीक्षित व धार्मिक टिप्पणी करने वाली दूसरे समुदाय की महिला लूबिना जिआ को जेल भेज दिया था। रविवार को करीब 150 से 200 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। एसपी ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की धरपकड़ की जा रही है। सोशल मीडिया एकाउंट को भी चेक किया जा रहा है।