शाहजहांपुर। ट्रेन में सामूहिक दुष्कर्म की अफवाह फैलाकर हड़कंप मचाने वाली एक्स आईडी के संचालक की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। साइबर सेल ने आईडी का डाटा तलाशने को एक्स से पत्राचार किया है। संभावना है कि 15 दिन में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लग सकते हैं।
पांच जून को सुबह 2:40 बजे विपाशा शुक्ला नाम की आईडी से सोशल साइट एक्स पर ट्रेन नंबर 05557 में दिव्यांग महिला से सामूहिक दुष्कर्म व 135 रुपये छीनने की पोस्ट डालकर खलबली मचा गई थी। हालांकि आरोप से संबंधित कोई साक्ष्य जीआरपी-आरपीएफ को नहीं मिला।
एसपी जीआरपी के एक्स हैंडल से स्थिति को स्पष्ट किया गया था। जीआरपी रोजा के प्रभारी अभिषेक पांडेय की ओर से विपाशा शुक्ला हैंडल के खिलाफ सूचना प्रोद्यौगिकी अधिनियम 2008 की धारा 66 डी और बीएनएस की धारा 353 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। साइबर सेल ने आईडी संचालक की तलाश शुरू कर दी है।
उन्होंने एक्स से पत्राचार कर संपर्क साधते हुए आईपी एड्रेस, डिवाइस और लोकेशन की जानकारी मांगी गई, जिससे अफवाह फैलाने वाले पर शिकंजा कसा जा सकें। इंस्पेक्टर जीआरपी रेहान अली ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल कर रही है। डिटेल आने के बाद आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी।