आढ़ती से खरीदकर गेहूं सरकारी क्रय केंद्र के नाम से भेजे जा रहे थे जमौर डिपो
आढ़ती, ट्रक चालक व मालिक व दो अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
क्षेत्र में चल रहे सरकारी गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों को लाभ नहीं मिल रहा है। इसका लाभ गेहूं आढ़ती उठा रहे हैं। क्षेत्र के किसानों ने इसकी शिकायत एसडीएम रामशंकर से की थी। इसी के मद्देनजर एसडीएम ने शनिवार को कस्बे के एक स्थान पर छापा मारकर सरकारी क्रय केंद्र के वारदाना में 234 बोरी गेहूं और 157 बोरी खाली बरामद की।
नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र यादव ने व्यापारी सुमित पुत्र देवी सहाय, ट्रक चालक महावीर पुत्र श्यामपाल, ट्रक मालिक मनमोहन व अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथ ही ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।
ट्रक मालिक मनमोहन ने बताया कि यह गेहूं कुंडरिया स्थित एक क्रय केंद्र से खरीद कर जमौर के लिए भेजा जा रहा था। एसडीएम रामशंकर ने कहा कि क्षेत्र के सरकारी क्रय केंद्र पर किसानों का ही गेहूं खरीदा जाएगा। यदि बाहरी लोगों का गेहूं खरीदकर सरकारी में दर्ज कराते जो भी केंद्र प्रभारी मिलेंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।