तिलहर। लॉकडाउन के दौरान नगर में हो रही शराब की अवैध बिक्री और भंडारण को लेकर एसडीएम और सीओ ने मंडी समिति स्थित दो दुकानों की जांच की। हालांकि दुकानों से प्रशासन को कुछ हाथ कुछ नहीं लगा। इस दौरान व्यापारियों ने प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताई और छवि धूमिल करने का आरोप लगाया।
शुक्रवार शाम लगभग साढे़ सात बजे एसडीएम सौरभ गंगवार व सीओ मंगल सिंह रावत अचानक मंडी समिति पहुंचे। मंडी सचिव कार्यालय के सामने एक दुकान पर छापा मारा और काफी तलाश ली लेकिन कुछ भी बरामद नहीं हुआ। इसके बाद पड़ोस की एक दुकान को खुलवाने के लिए व्यापारी को घर से बुलावाया। यहां भी दुकान में कुछ नहीं मिला। कार्रवाई के बीच कई व्यापारी मौके पर पहुंचे, उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने व्यापारियों की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि जिन स्थानों पर चोरी छिपे शराब बेची जा रही है वहां पर प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा है।
शराब की बिक्री और भंडारण की एक सूचना पर एसडीएम और सीओ ने व्यापारी की दुकान खुलवा कर जांच की। उनकी सूचना गलत साबित हुई। प्रशासन अनावश्यक व्यापारियों को परेशान कर रहा है। - संजीव अग्रवाल, अध्यक्ष, गल्ला व्यापार मंडल तिलहर।
एक सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई थी, लेकिन वहां ऐसा कुछ नहीं पाया गया। किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न करना प्रशासन का मकसद नहीं है। - सौरभ गंगवार, एसडीएम तिलहर।