वाराणसी में संपन्न हुई 18वीं राज्य स्तरीय स्काउट-गाइड रैली में बरेली मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए शाहजहांपुर की टीमों नें ए ग्रेड हासिल कर जनपद ही नहीं अपितु बरेली मंडल की भी शान बढ़ाई है।
रैली से लौटकर आई टीमों का जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर टीमों का नेतृत्व करने वाली जिला स्काउट मास्टर निकहत परवीन और जिला गाइड कैप्टन दपिंदर कौर ने बताया कि स्टेट रैली में शामिल नगर बेसिक स्काउट के गांधी दल, पूर्व माध्यमिक विद्यालय बहादुरगंज रोटी गोदाम, ब्लाक बेसिक गाइड मदर टेरेसा कंपनी, नगर बेसिक गाइड मलाला कंपनी (गुरु नानक पाठशाला) की टीमों ने प्रतियोगिताओं में ए ग्रेड हासिल कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वाराणसी से लौटने पर रोटी गोदाम स्कूल में बीएसए राकेश कुमार, खंड शिक्षाधिकारी पीएल निरंकारी, वित्त एवं लेखाधिकारी संतोष कुमार आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
बीएसए ने टीम इंचार्ज गीता शुक्ला, प्रेमलता शुक्ला, परविंदर कौर, पुष्पा गौतम, अचला श्रीवास्तव, विजय पाल, पूजा सिंह आदि के योगदान को सराहते हुए टीम को बधाई दी। ए ग्रेड पाने वाली टीम में शरीफ, जैद, आरिफ, मनवीर सिंह, अजय, पंकज यादव, विकास राठौर, विशाल सिंह, अरवाज अली, सैयब, सुमित, निखिल वर्मा, गौरव वर्मा, आरजू, सरोजनी, अर्पिता, आरोही, वंदना, यासमीन, प्रीति यादव, सौम्या बच्चे शामिल रहे।