शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड की परीक्षा में एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना परचम बुलंद किया है। शहर के विद्यार्थी बेहतर करने से चूक गए। टॉपटेन सूची में शहर के मात्र चार कॉलेजों ने ही जगह बनाई है। बाकी स्थानों पर ग्रामीण इलाके के छात्र-छात्राएं काबिज रहे।
हाईस्कूल में टॉप-टेन के 18 छात्र-छात्राओं में चार शहरी स्कूलों के हैं। तीन टॉपरों में संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के समीर भारद्वाज भी शामिल हैं। इसी सूची में स्वामी धर्मानंद कॉलेज के वैभव मिश्रा, आर्य महिला इंटर काॅलेज की अनन्या सिंह व सरस्वती विद्या मंदिर के राम पांडेय भी जगह बनाने में कामयाब रहे।
शेष ग्रामीण इलाके के विद्यार्थी सूची पर काबिज हुए हैं। इंटरमीडियट की टॉप-टेन सूची में सातवें नंबर पर संजय कुमार सरस्वती इंटर कॉलेज व डॉ.सुदामा प्रसाद बाल विद्या मंदिर कन्या इंटर काॅलेज की छात्रा ने जगह बनाई है। अन्य नंबरों पर ग्रामीण इलाके के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया है।