परिषदीय विद्यालयों में अधिक से अधिक छात्रों के नामांकन कराने को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग काफी सक्रिय हो गया है। इस बार स्कूल चलो अभियान का प्रचार-प्रसार कान्वेंट स्कूलों की तर्ज पर कराया जाएगा। इस बार इसका नया स्लोगन ‘हमारे विद्यालय आओ, खेल-खेल में शिक्षा पाओ’ तय किया गया है। इस पर फाइनल मुहर जिला शिक्षा परियोजना समिति की बैठक में लगेगी।
आगामी शैक्षणिक सत्र 2015-16 में कान्वेंट स्कूलों की तर्ज पर एक अप्रैल से शिक्षण कार्य शुरू किया जाएगा। इसी वजह से इस बार कान्वेंट स्कूलों के कलेवर में ही एक मार्च से स्कूल चलो अभियान का प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा परिषद की ओर विभिन्न तैयारियां कराई जा रही हैं, जिससे कि बच्चों को स्कूल तक लाया जाए और उन्हें खेल-खेल में शिक्षित करके आगे बढ़ाया जाए। इस बार विभागीय अधिकारियों ने कान्वेंट स्कूलों की तरह ही विद्यालया की ओर से दी जाने तमाम सुविधाओं की बात करने के साथ ही गुणवत्ता परक शिक्षा का सर्वोपरि स्थान दिया है।
इस संबंध में बीएसए राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि सचिव से मिले निर्देशों के अनुसार जिला शिक्षा समिति के पदाधिकारियों की बैठक विकास भवन सभागार में शनिवार को होगी। बताया कि इसमें स्कूल चलो अभियान की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी, जिससे कि शत-प्रतिशत बच्चों का नामांकन करके उन्हें गुणवत्तापरक शिक्षा दी जा सके।