दो छात्र जिला अस्पताल रेफर किए गए
पिकअप वाहन को थाने ले गई पुलिस
बंडा। बच्चों को स्कूल लेकर जा रही बस और पिकअप की टक्कर में तीन छात्र घायल हो गए। दो छात्रों को जिला अस्पताल भेजा गया है। अभिभावकों की सूचना पर पुलिस पिकअप को थाने ले आई है।
शनिवार को बंडा के खुटार रोड स्थित सेंट जॉन स्कूल की बस बच्चों को लेने गांव धीमरपुरा की ओर गई थी। बच्चों को लेकर स्कूल आते समय धीमरपुर के पास बस और एक दूध एकत्र करने जा रहे एक पिकअप वाहन में टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार गांव ताजपुर डुंड़वा निवासी जगरूप का दस वर्षीय पुत्र अभिराज सिंह, दोवरी के जगजीत सिंह का दस वर्षीय पुत्र सहजवीर सिंह और खुटार के गांव टोडरपुर निवासी अमृतपाल का सात वर्षीय पुत्र गुरनूर सिंह घायल हो गया।
जानकारी पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल छात्रों को बंडा सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टर ने अभिराज सिंह और गुरनूर सिंह को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। सहजवीर सिंह का सीएससी पर उपचार चल रहा है। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीके वर्मा ने बताया कि तीन छात्र सीएचसी लाए गए थे। थाना प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि पिकअप वाहन को पकड़ लिया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।