हादसे के बाद कार भी अनियंत्रित होकर पलटी, कार सवार मौके से भागे
खुटार। ईको कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार गांव हिम्मतपुर निवासी 48 वर्षीय सूरत सिंह गंभीर घायल हो गए। सीएचसी पर उन्हें मृत घोषित कर दिया है।
सूरत सिंह शनिवार को बाइक की मरम्मत कराने खुटार गए थे। वापस घर आते समय शाम छह बजे गांव मलिका के पास उनकी बाइक में एक ईको कार टकरा गई। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार सवार मौके से भाग निकले। हादसे में सूरत सिंह गंभीर घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें खुटार सीएचसी लाए। डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया।
सूरत सिंह की मौत से पत्नी हरजीत कौर, पुत्र इंद्रजीत सिंह, पुत्री रमनजीत कौर का रो रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोगों ने बताया कि कार सवार लोग भी घायल हो गए, लेकिन वह मौके से चले गए। देर शाम तक पुलिसकर्मी कार की रखवाली के लिए मौके पर ही मौजूद थे। सूरत सिंह का शव पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम को भेजा जाएगा।