नकल के लिए बदनाम शाहजहांपुर के जलालाबाद कस्बे में सामूहिक नकल पकड़ी गई है। कस्बे से करीब पांच किमी दूर एक निजी स्कूल में मूल और कार्बन कापी देकर स्टूडेंट्स को नकल कराई जा रही थी। लेखपाल की सूचना पर एसडीएम पहुंची तो सारा मामला खुला। एसडीएम ने केंद्र को डिबार करने की संस्तुति की है।
मंगलवार को हाईस्कूल की गणित की परीक्षा था। कस्बे से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित एसबीएस पब्लिक स्कूल चिलौली के परीक्षा केंद्र पर सुबह की पाली में छात्रों को बोलकर और लिखित कापी देकर नकल कराई जा रही थी। सूचना पर एसडीएम वंदना त्रिवेदी मौके पर पहुंची तो उन्होंने स्टूडेंट्स को सामूहिक नकल करते पकड़ लिया। एसडीएम ने फोन कर डीआईओएस को भी बुला लिया। तब एसडीएम ने नकल करने के लिए दी गई एक मूल कापी और एक कार्बन कापी भी बरामद कर ली।
एसडीएम के मुताबिक एसबीएस पब्लिक स्कूल चिलौली परीक्षा केंद्र पर छापा मारने के दौरान गणित के पेपर के प्रश्न नंबर 5 के क, ख,ग तथा घ की मूल कापी के अलावा कई अन्य प्रश्नों के उत्तर की कार्बन कॉपी से बच्चे सामूहिक नकल कर रहे थे। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र के खिलाफ कार्यवाही हेतु रिपोर्ट डीआईओएस को भेजी है। एसडीएम के मुताबिक इस परीक्षा केंद्र को काली सूची में डालने संबंधी संस्तुति सहित रिपोर्ट डीआईओएस को भेजी गई है।
लेखपाल की सूचना पर पकड़ी जा सकी नकल
एसडीएम ने नकल रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर लेखपालों को प्रेक्षक के रूप में तैनात किया है। एसबीएस पब्लिक स्कूल चिलौली में नकल के लिए कॉपियां उपलब्ध कराई गई तभी वहां तैनात लेखपाल ने इसकी जानकारी एसडीएम को दे दी। तभी मौके पर पहुंची एसडीएम ने नकल पकड़ ली। खास बात यह है कि एक छात्र ने एसडीएम को यह भी जानकारी दी है कि उसे नकल किस अध्यापक द्वारा दी गई।