शाहजहांपुर। मदनापुर क्षेत्र में हादसे के दौरान चालक सौरभ ने तेज रफ्तार कार से निकलने की कोशिश की थी। ऐसे में उसका सिर दरवाजे में फंस गया और कई पलटी मारते हुए कार खेत में चली गई थी। हादसे में सौरभ की जहां मौत हो गई वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल हर्षित की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे बरेली से लेकर नोएडा चले गए। वहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
चाचा रामराज ने बताया था कि बीटेक करने के बाद सौरभ नोएडा की एक कंपनी में साॅफ्टवेयर इंजीनियर था। वह होली मनाने घर आया था। रविवार सुबह चचेरे भाई हर्षित, आदित्य और बहन स्वाति के साथ घूमने के लिए जलालाबाद की ओर जा रहे थे। बुधवाना रोड पर बाइक सवार को बचाने में कार पलटने से सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई थी।
चाचा रामराज ने बताया कि कार सौरभ के ताऊ रामलड़ैते की है। शाम को ही सौरभ वापस जाने वाला था। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी, जो पलटने के बाद सीधी होकर खेत में घुस गई थी। आगे बैठे सौरभ ने कार से निकलने की कोशिश की लेकिन उसका सिर दरवाजे से फंस गया। हादसे में आदित्य व स्वाति को मामूली चोट आईं हैं। मदनापुर थाना प्रभारी विश्वजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। अब तक जांच में पता चला है कि कार की रफ्तार ज्यादा थी जिसकी वजह से उसे नियंत्रित नहीं किया जा सका।