डीएम उमेश प्रताप सिंह ने दिया लिंग परिवर्तन प्रमाण पत्र
शाहजहांपुर के काकोरी कांड के अमर नायक ठाकुर रोशन सिंह की प्रपौत्री सरिता सिंह ने जेंडर बदल लिया है। उनकी नई पहचान शरद सिंह के रूप में होगी। कानूनी तौर पर उनका जेंडर बदलने पर मंगलवार को डीएम उमेश प्रताप सिंह ने लिंग परिवर्तन प्रमाण पत्र और पहचान पत्र भेंट किया। जिले में लिंग परिवर्तन कराकर पुरुष बनने का यह दूसरा मामला है। शरद सिंह ने बताया कि जेंडर बदलाव के बाद अब वह सविता सिंह से शादी जल्द ही शादी करेंगे।
लड़की होने के बाद भी लड़का बनकर रहते थे शरद सिंह
मूलता खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव नवादा गांव निवासी शरद सिंह भावलखेड़ा ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय सतवां खुर्द में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। वह निगोही रोड पर स्थित साहित्यपुरम कॉलोनी में रहते हैं। लड़की होने के बाद भी लड़कों जैसा बनकर रहने वाली सरिता सिंह ने 2020 में जेंडर को बदलने के लिए प्रयास शुरू किए थे। उन्होंने लखनऊ में हॉर्मोंस थैरेपी कराई। हार्मोंस थैरेपी के बाद उनके चेहरे पर दाढ़ी उग आई थी। आवाज भी भारी हो गई थी। करीब एक माह पहले उन्होंने मध्यप्रदेश के इंदौर में सर्जरी कराकर जेंडर बदल लिया था।
जेंडर बदलवाने में लगे तीन साल
मंगलवार को डीएम उमेश प्रताप सिंह ने सरिता सिंह से शरद सिंह बनने पर उन्हें लिंग परिवर्तन प्रमाण पत्र व पहचान पत्र दिया। शरद सिंह बताते हैं कि जेंडर बदलने में उन्हें तीन साल का समय लगा। तमाम तरीके की दुश्वारियां आने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और कामयाबी हासिल की। शरद सिंह ने बताया कि वह जल्द ही पीलीभीत की रहने वाली सविता सिंह चौहान से विवाह बंधन में बंधेंगे।
12 साल की उम्र से थी जेंडर बदलने की चाहत
शरद सिंह के अनुसार, मनुष्य के अंदर शुरुआत से ही अपने व्यक्तित्व को लेकर अहसास होने लगता है। 12 साल की उम्र से महसूस होने लगा था कि उनका अपोजिट जेंडर है। इसलिए उन्होंने लड़की से लड़का बनने की ठान ली थी।
सिविल सर्विसेस की तैयारी करेंगे
जेंडर बदलने वाले शरद सिंह बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। प्रशासन से प्रमाण पत्र मिलने के बाद वह विभाग में अपना जेंडर बदलवाने के लिए पत्राचार करेंगे। उन्होंने बताया कि वह सिविल सर्विस की तैयारी भी करेंगे।
खुदागंज के विभू भी कर चुके लिंग परिवर्तन
लिंग परिवर्तन कराकर लड़की से लड़का बनने का यह दूसरा मामला है। इससे पहले खुदागंज के ही विभू भी अपना लिंग परिवर्तन करा चुके हैं। उन्हें प्रमाण पत्र भी प्राप्त हो गया। बताते हैं कि विभू दिल्ली में रहते हैं।