सैफई महोत्सव में आयोजित शाक भाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में प्रदेश की विभिन्न जेलों में उगाई गईं सब्जियों में जिला जेल में उगाई गए आलू, चुकंदर और गोभी को पुरस्कृत किया गया है।
सैफई में महोत्सव में 28 फरवरी और एक मार्च को आयोजित की गई शाक भाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में जिला जेल के प्रशिक्षक राम शंकर सविता और बंदी रक्षक चंद्र मोहन ने जेल में उगाई गई सब्जियों की प्रदर्शनी लगाई थी। प्रदर्शनी में प्रदेश के अन्य जिलों की जेल के प्रतियोगियों ने भी हिस्सा लिया था। जिला जेल में उगाए गए लाल प्रजाति के आलू और चुकंदर ने सभी को मात देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बंदगोभी को द्वितीय स्थान मिला। इसके साथ ही प्रदर्शनी में जेल में ही उगाई गई ढाई फीट की मूली को लगाया गया था। यह मूली महोत्सव में कौतूहल का विषय रही। महोत्सव देखने आए लोग मूली की जमकर प्रशंसा करते हुए उसके फोटो खींचे। इस मूली ने अपनी ओर मीडिया का ध्यान भी खींचा। कार्यक्रम के अगले दिन अखबारों ने सपा महासचिव रामगोपाल यादव के साथ इसका फोटो छापा था। जिला जेल में उगाई गई सब्जियों को सम्मान मिलने के बाद इन्हें उगाने वाले बंदी भी अपने आप में गर्व महसूस कर रहे हैं। प्रभारी जेल अधीक्षक मनीष कुमार ने सब्जी उगाने वाले बंदियों को बधाई देते हुए कहा उन्होंने जेल का सम्मान बढ़ाया है। ऐसे काम करने वाले बंदियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।