होटल रॉयल पन्ना में बावर्ची त्रिलोक सिंह की उंगली काटे जाने के मामले में सोमवार को पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरा चेक किया, लेकिन कैमरा खराब होने की वजह से उससे कोई मदद नहीं मिल पाई। पुलिस ने घटना के समय मौजूद लोगों के बयान लिए हैं। इसके साथ ही होटल के एमडी की तरफ से सोमवार को त्रिलोक सिंह के खिलाफ थाने में सिलेंडर चोरी की तहरीर दी गई है।
होटल रॉयल पन्ना के बावर्ची त्रिलोक सिंह ने रविवार को थाना सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि होटल के जीएम नागेंद्र राय ने नौकरी से निकालने का विरोध करने पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया था। इसमें उसकी उंगली कट गई थी। सदर बाजार पुलिस ने नागेंद्र राय के खिलाफ जानलेवा हमला की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामले की विवेचना कर रहे एसएसआई प्रभुकांत ने बताया कि होटल में जिस जगह पर घटना हुई है, वहां पर लगा सीसीटीवी कैमरा खराब है। घटना से समय मौजूद लोगों के बयान ले लिए गए हैं। होटल के जीएम नागेंद्र राय को तलाश किया जा रहा है। इधर, कल जब इस घटना के संबंध में होटल के एमडी सिद्धार्थ रस्तोगी से बात की गई थी तो उन्होंने घटना को डीएम और बावर्ची का आपसी विवाद बताया था। कहा था कि इस घटना का होटल से कोई लेना देना नहीं है। इसके बाद आज बावर्ची पर चोरी का इल्जाम लगाते हुए थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
एमडी बोले, बावर्ची ने खुद उंगली काटी
रॉयल पन्ना होटल के एमडी सुधीर रस्तोगी ने बताया कि त्रिलोक सिंह कई बार होटल में चोरी कर चुका था। दो दिन पहले भी त्रिलोक सिंह ने होटल से तीन भरे सिलेंडर चोरी करके खाली सिलेंडर रख दिए थे। इस मामले में होटल के जीएम नागेंद्र राय ने त्रिलोक सिंह को पकड़ लिया था। इसलिए नागेंद्र ने हमारे कहने पर त्रिलोक सिंह को नौकरी से निकाल दिया था। चोरी पकड़े जाने पर त्रिलोक सिंह ने खुद चापड़ से उंगली काट ली और जीएम पर आरोप लगा दिया। त्रिलोक सिंह के खिलाफ थाने में चोरी की तहरीर दे दी गई है।