डीएम कर्ण सिंह चौहान के आदेश के बाद शनिवार को रोजा मंडी के अंदर आढ़तियों के अवैध कब्जों को बुलडोजर से हटा दिया गया। इससे आढ़तियों में दहशत का माहौल रहा। डीएम ने अब डीएफओ को फत्तेपुर चुंगी से रोजा ओवरब्रिज तक अवैध कब्जेदारों को हटाने के आदेश दिए हैं। बता दें कि पिछले दिनों डीएम कर्ण सिंह चौहान रोजा मंडी में ईवीएम रखने के लिए बनाए गए स्ट्रांगरूम और मतगणना की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सब्जी मंडी गेट और मंडी के अंदर अवैध कब्जों को देखकर नाराजगी व्यक्त की थी। डीएम ने मंडी सचिव को तत्काल कब्जे हटाने के निर्देश दिए थे। आढ़तियों के दो दिन का समय मांगने पर उन्हें समय भी दिया गया, लेकिन इसके बावजूद अवैध कब्जे नहीं हटाए गए। शनिवार को मंडी सचिव संजय सिंह, ईओ नगर पंचायत रोजा अनिरुद्ध पटेल, प्रभारी निरीक्षक रोजा कमरुल हसन की अगुवाई में दोपहर बाद अवैध कब्जे हटाने शुरू किए। यह काम रविवार को भी जारी रहेगा। मंडी सचिव संजय सिंह ने बताया कि मंडी के गेट और मंडी के अंदर का अतिक्रमण हटा दिया गया है। कुछ जगह अभी बची हैं। वहां रविवार को अतिक्रमण हटाया जाएगा। उधर, वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार डीएम ने फत्तेपुर चुंगी से रोजा रेलवे ओवरब्रिज के पास तक राजमार्ग के दोनों ओर 22 मीटर तक बने अवैध कब्जों को हटानेे के साथ पौधरोपण कर ट्री-गार्ड लगाने के आदेश दिए हैं। वन विभाग ने अवैध निर्माणों को लाल रंग से चिन्हित कर दिया है।