विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा रोडवेज कर्मियों का धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को रोडवेज कर्मियों ने एकत्रित होकर अपनी ताकत का एहसास कराया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुशील त्रिवेदी ने कहा कि परिषद की नीतियों के अनुसार विरोध प्रदर्शन करते रहना है। साथ ही विभागीय कर्तव्यों का निर्वहन भी करना है। प्रांतीय प्रतिनिधि ओमकार सक्सेना ने कहा कि शाहजहांपुर सहित पूरे प्रदेश में रोडवेजकर्र्मी और संविदाकर्मी धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। साथ ही 13 सूत्री मांग पत्र पूरा करने की बात कह रहे हैं।
शाखाध्यक्ष राजेश पांडेय ने कहा कि जब तक डग्गामार वाहन बंद नहीं होते, तब तक कर्मचारियों की कटौती होती रहेगी। इस दौरान शाखामंत्री राकेश चंद्र गुप्ता, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बलवीर सिंह, संयुक्त मंत्री दीपक सक्सेना, नीता श्रीवास्तव, उमेश चंद्र पांडेय, अर्चना मिश्रा, आशुतोष मिश्रा, सुनील सिंह, सौरभ शर्मा, अतिरेक मिश्रा, मनोज सिंह आदि मौजूद रहे।