रोडवेज बस अड्डे का मुख्य गेट। संवाद
शाहजहांपुर। रोडवेज बसों के निर्धारित बस अड्डों में प्रवेश नहीं करने और यात्रियों को असुविधा पहुंचाने के मामले में निगम ने सख्त रुख अपनाया है। एक माह की समीक्षा में सामने आया कि कई बस चालक और परिचालक सेटेलाइट बस अड्डे तथा कटरा बस अड्डे के अंदर बस ले जाने के बजाय सीधे हाईवे से निकल गए। इससे बस अड्डों पर इंतजार कर रहे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि शाहजहांपुर से फर्रुखाबाद, सीतापुर, हरदोई व दिल्ली मार्ग की बसों के चालक-परिचालकों ने मनमानी की है। जांच के बाद कार्रवाई करते हुए 40 चालक-परिचालकों के देयकों से 200-200 रुपये की कटौती कराई गई है।
बस अड्डों में बसों का प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए पहले भी निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कई चालक-परिचालकों ने नियमों का पालन नहीं किया। एआरएम ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि भविष्य में कोई बस निर्धारित बस अड्डे पर नहीं जाएगी तो संबंधित चालक-परिचालक के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।