तिलहर (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव धनेला के पास दिल्ली से पलिया जा रही रोडवेज की बस को पीछे से तेज गति से आ रही सोहराब गेट डिपो की बस ने टक्कर मार दी। हादसे में करीब 12 यात्री घायल हो गए। सभी को सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
रात दो बजे शाहजहांपुर डिपो की बस दिल्ली से पलिया जा रही थी। रोडवेज की बस को पीछे से आ रही सोहराब गेट डिपो की बस ने जोरदार टक्कर मार दी। यह बस लखनऊ की ओर जा रही थी। शाहजहांपुर डिपो की बस के पिछले हिस्से की दायीं तरफ जोरदार टक्कर लगने से परखचे उड़ गए। घटना के समय यात्री सो रहे थे। जबरदस्त टक्कर होने के बाद बस में चीखपुकार मच गई। हादसे में संजय (45) निवासी मुक्तेश्वर, हापुड़ छावनी, सोनू (30) पुत्र रतन सिंह शेरवा सीतापुर, बहादुर (50) पुत्र मनजीत बमनिया नेपाल, गीता (45) पत्नी बहादुर बमनिया नेपाल, रितु (24) पत्नी राजेंद्र प्रसाद, फतेहपुर, लखीमपुर खीरी, विमलेश (22) पुत्र भगवानदास मैगलगंज लखीमपुर खीरी और उसकी 20 वर्षीय पत्नी रूबी आदि घायल हो गए। सभी को तिलहर सीएचसी भर्ती कराया गया। जहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पांच अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं थीं और प्राथमिक उपचार के बाद वे लोग गंतव्य को रवाना हो गए।
हादसे के बाद रुक गए हाईवे पर वाहन
माना जा रहा है कि चालक को झपकी आने के कारण बस को नियंत्रित नहीं कर सका। हादसे के बाद सड़क पर आते-जाते वाहन रुक गए। किसी तरह से घायल यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।