शाहजहांपुर। सड़कों पर बाढ़ का पानी आने से बरेली और पीलीभीत रूट बंद होने के बाद दिल्ली जाने का अंतिम रास्ता भी ठप हो गया। शुक्रवार दोपहर शाहाबाद-पाली रूट की पुलिया क्षतिग्रस्त होने से रोडवेज बसों को लौटा दिया गया।
बृहस्पतिवार को पूर्वाह्न 11 बजे गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद नेशनल हाईवे पर पानी आने पर रोडवेज बसों का संचालन बंद कर दिया गया था। बरेली रूट पर 30 अनुबंधित व शाहजहांपुर से दिल्ली रूट पर 30 बसों का संचालन होता है। पानी के चलते यह रूट पूरी तरह से ठप हो गया। पीलीभीत में सड़क पर पानी आने से बस सेवा बाधित हो गई थी। दिल्ली जाने वाले यात्रियों को शाहाबाद-पाली के रास्ते फर्रुखाबाद होते हुए गुजारा जा रहा था।
शुक्रवार को दोपहर पाली के पास बाढ़ के पानी की वजह से पुलिया क्षतिग्रस्त होने से पुलिस ने बसों को रोकने के बाद लौटा दिया। इसके चलते यात्रियों के सामने संकट खड़ा हो गया है। बसों के नहीं चलने से यात्रा करने के लिए आए तमाम मुसाफिरों को मायूस होकर लौटना पड़ा। डिपो प्रभारी ममता सक्सेना ने बताया कि सीतापुर और गोला-लखीमपुर रूट पर बस सेवा चालू है। शेष रास्तों पर जलभराव के कारण बसों को रोक दिया गया है।
यात्री फंसे, बसों के संचालन का इंतजार
-परिवहन निगम की सेवा बाधित होने के चलते तमाम यात्री रोडवेज बस अड्डे पर फंस गए हैं। ट्रेनों से आने वाले यात्रियों को बसें नहीं मिलने से बस अड्डा परिसर में रुक गए हैं। उन्हें भरोसा दिलाया गया है कि पानी कम होने पर बसें चलने पर उन्हें गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।
अप और डाउन लाइन की त्रिवेणी एक्सप्रेस रद्द, पैसेंजर ट्रेनें चलीं
टनकपुर और पीलीभीत के बीच बाढ़ का पानी आने के चलते रेलवे ने अप और डाउन लाइन की त्रिवेणी एक्सप्रेस को रद कर दिया है। ट्रेन नहीं आने से तमाम यात्रियाें को मायूस होकर लौटना पड़ा। आठ जुलाई से बंद पीलीभीत-शाहजहांपुर पैसेंजर ट्रेन को फिर से शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, निगोही के आगे पुल की मरम्मत कर दी गई। ट्रेनों के चलने से यात्रियों को राहत मिली है।