शाहजहांपुर जनपद में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया, जिसकी वजह से हाईवे पर रोडवेज की दो बसें आपस में टकरा गईं। हादसे में चालक-परिचालक समेत छह लोग घायल हुए हैं।
शाहजहांपुर जनपद में बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर अल्हागंज थाना क्षेत्र के गांव दौलतियापुर के पास दिल्ली जा रही शाहजहांपुर डिपो की बस और फर्रुखाबाद की तरफ से आ रही रुहेलखंड डिपो की बस आमने-सामने टकरा गईं। हादसे की वजह कोहरा रहा। हादसे में छह लोगों को चोटें आईं हैं।
विज्ञापन
हादसा मंगलवार सुबह करीब आठ बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम थी। हाईवे पर अचानक आए गोवंशीय पशु को बचाने के प्रयास में कोहरे के कारण बसें आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में चालक व परिचालक सहित छह लोग घायल हो गए।
रुहेलखंड डिपो के बस चालक थाना कांट के गांव मल्हपुर निवासी रोहित तथा शाहजहांपुर डिपो के परिचालक अल्हागंज के गांव इस्लामगंज निवासी सुधीर को गंभीर चोट के चलते राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य चार घायलों का सीएचसी में इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
ये हुए घायल
जलालाबाद के बदनापुर गांव के रामसेवक, इसी गांव की राजवंतो और उनका 12 वर्षीय बेटा राहुल, कांट के मल्लपुर गांव के रोहित, अल्हगंज के इस्लामगंज गांव के सुधीर, मिर्जापुर के रहने वाले मनोज कुमार घायल हुए हैं।