शहर में सड़कों के शिलान्यास कार्यक्रम में उपस्थित वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना। स्रोत : सूच
शाहजहांपुर। नगर निगम क्षेत्र में सड़क और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 7.14 करोड़ रुपये की लागत से 10 विकास कार्य कराए जाएंगे। शनिवार को राज्य सेक्टर योजना के प्रथम चरण के तहत इन कार्यों का वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना और महापौर अर्चना वर्मा ने शिलान्यास किया।
योजना के तहत चार स्थानों पर हॉटमिक्स से सड़कों का सुदृढ़ीकरण और छह स्थानों पर नाली व सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सुभाष नगर में हेल्थ केयर हॉस्पिटल से केजीएनओ हाउस तक तथा पंप हाउस से रेलवे सड़क तक नाली व सीसी सड़क बनेगी। सुभाष नगर तिराहे से स्मार्ट रोड और कनौजिया हॉस्पिटल तिराहे तक हॉटमिक्स सड़क का काम होगा।
इसके अलावा ईदगाह से ककरा कला और लोहारों वाले चौराहे से ककरा न्यू सिटी मार्ग तक सड़क सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। ककरा खुर्द, ककरा और अजीजगंज में भी नाली व सीसी सड़क निर्माण के कार्य होंगे। अजीजगंज में डैम रोड से ओवरहेड टैंक तथा बरेली मोड़ तक भी काम कराया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि कार्य पूरे होने से आवागमन सुगम होने के साथ जलनिकासी बेहतर होगी और जलभराव की समस्या कम होगी। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।