फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जाम की समस्या ही कम न थी..अब बारिश के गड्ढों ने बढ़ाईं मुश्किलें

विज्ञापन
मीरानपुर कटरा हुलासनगरा गांव के सामने नेशनल हाईवे पर हुआ गड्ढा। संवाद - फोटो : SHAHJAHANPUR
विज्ञापन
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। हुलासनगरा रेलवे फाटक पर बारिश के बाद लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर वाहनों का आवागमन मुश्किल हो गया है। रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर करीब एक किमी के क्षेत्र में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनसे वाहन रफ्तार नहीं पकड़ पाते। गड्ढों के कारण हादसे की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में यहां जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए गड्ढे और मुश्किलें पैदा कर रहे हैं।
विज्ञापन

लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग के दोनों तरफ सड़क में गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढ़ों में बरसाती पानी भर जाने से वाहन सवारों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों से गुजरने पर वाहन खराब होने की आशंका रहती है। सड़क किनारे कीचड़ हो जाने से वाहन एक लेन से ही गुजरते हैं जिसकी वजह से जाम की आशंका ज्यादा बनी रहती है। क्रॉसिंग से दिनभर ट्रेनें गुजरती हैं। ट्रेन गुजरने पर क्रॉसिंग बंद हो जाती है और दोनों ओर का ट्रैफिक रुक जाता है। जब क्रॉसिंग खुलती है तो पहले निकलने की होड़ में जाम की स्थिति बन जाती है। गड्ढों के कारण वाहन रफ्तार नहीं पकड़ पाते जिसकी वजह से जब तक वाहन क्रॉसिंग तक आते हैं, फिर से क्रॉसिंग बंद हो जाती है। यही वजह है कि वाहन स्वामी लंबे समय तक जाम में फंसकर परेशान रहते हैं।
गड्ढों के कारण कई बार बाइक सवार हादसे का शिकार हो चुके हैं। हुलासनगरा क्रॉसिंग के दूसरी ओर फतेहगंज पूर्वी की दिशा में सड़क का इससे भी बुरा हाल है। वहां पर भी गड्ढों के कारण वाहन रफ्तार नहीं पकड़ पाते हैं। मंगलवार को इन्हीं सब दिक्कतों की वजह नेशनल हाईवे पर घंटों जाम लगा रहा था।
विज्ञापन

लोग बोले-गड्ढों ने सफर किया और मुश्किल
हाईवे के गड्ढों को तुरंत भरवा देना चाहिए। गड्ढों के कारण वाहन निकालना खतरनाक हो सकता है। आए दिन लोग परेशान होते हैं। - महेंद्र प्रताप सिंह, प्रधान हुलासनगरा
एक तो पहले ही जाम की वजह से मुसीबत थी। अब इन गड्ढों ने हालात और भी खराब कर दिए हैं। साइकिल से कटरा या फतेहगंज पूर्वी जाने पर खतरा बना रहता है। - तुलाराम
जब भी किसी काम से बरेली जाना होता है तब जाम का सामना करना पड़ता है। अब गड्ढों ने हालात और भी बिगाड़ दिए हैं। इनमें गाड़ी के फंसने के खतरा भी बढ़ गया है। - अरविंद सिंह, शिक्षक
बरेली से रोजाना आकर कटरा में दुकान चलाते हैं। हुलासनगरा पर ओवरब्रिज के निर्माण की राह कई सालों से देख रहे हैं। अब बरसात में कीचड़ और गड्ढों ने रास्ता और भी मुश्किल कर दिया है। - अनिल अग्रवाल
बारिश के सीजन को देखते हुए लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत और बजरी-कोलतार के मिश्रण से गड्ढे भरवाने का काम तेजी से कराया जा रहा है ताकि सामान्य यातायात में कोई व्यवधान नहीं पड़े। रोजा के रेलवे ब्रिज से लेकर जमुका के अटसलिया मोड़ तक हाईवे के गड्ढे भरवाने का काम कराया जा चुका है। हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग के पास रोड पर हुए गड्ढे भी जल्द भरवाए जाएंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठकों मेें हाईवे की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। - रामसेवक द्विवेदी, एडीएम प्रशासन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें