शाहजहांपुर। ह्यूम पाइप डालने के लिए अशफाक नगर पुलिस चौकी के पास सड़क की खोदाई का काम दूसरे दिन भी जारी रहा। काम की रफ्तार धीमी होने से राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
सड़क खोदे जाने के कारण रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे की ओर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन रोड पर पहले से खोदी गई सड़क को अब तक समतल नहीं किया गया है। इससे वाहनों को निकलने में दिक्कत हो रही है और मार्ग पर जाम की स्थिति बन रही है।
लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के साथ खोदी गई सड़क को समतल कराया जाए, ताकि आवागमन सुचारु हो सके। एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि अभी पुवायां मार्ग की ओर जाने वाली बसों का संचालन पूर्व की तरह हो रहा है। संवाद