शाहजहांपुर। तापमान बढ़ने के साथ ही बिजली की मांग में इजाफा होने लगा है। मांग बढ़ने के साथ बिजली लाइनों पर लोड बढ़ने से फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या सामने आ रही है। रविवार को शहर के कई इलाकों में बिजली की आवाजाही से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
220 केवीए ट्रांसमिशन से 33 केवीए का खंभा लगाए जाने के कारण सुबह दस से 11 बजे तक बहादुरगंज उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति बंद रही। दूसरी ओर गोविंदगंज उपकेंद्र क्षेत्र में शाम के समय लगातार ट्रिपिंग होती रही। बार-बार बिजली आने-जाने से घरेलू कामकाज प्रभावित हुआ और लोग परेशान रहे। लाइन की मरम्मत के चलते अटसलिया विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति शाम करीब साढ़े तीन बजे बंद कर दी गई। इसके बाद साढ़े पांच बजे आपूर्ति मिली।
बहादुरगंज उपकेंद्र के हुंडाल खेल फीडर पर नेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज वाली गली में शाम छह बजे गुल हो गई। शट डाउन लेकर कार्य कराया गया। करीब आठ बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। अधिशासी अभियंता आरपी सिंह ने बताया कि तापमान में बढ़ोतरी के चलते बिजली की मांग बढ़ी है। फॉल्ट आने पर कर्मियों ने पहुंचकर आपूर्ति को बहाल किया है।