शाहजहांपुर के रोजा थाना पुलिस ने शनिवार रात लखीमपुर से आम की लकड़ी चोरी कर शाहजहांपुर में कटान कराने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी, 16 आम के बोटे व लोडर वाहन गाड़ी को कब्जे में लिया है। दो आरोपी मौके से भागने में सफल रहे।
रोजा इंस्पेक्टर केबी सिंह को मुखबिर ने सूचना दी कि आरा मशीन मालिक एनुल हसन, उसका साथी उमर और एक ड्राइवर आम के कटे हुए बोटे लोडर वाहन में भरकर मोहम्मदी की तरफ से आ रहा है। पुलिस ने मोहम्मदी रोड ओवरब्रिज के थोड़ा आगे खड़े होकर इंतजार करना शुरू किया। इस बीच ड्राइवर ने पुलिस खड़ी देखकर लोडर मोहम्मदी रोड की तरफ मोड़ दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो ड्राइवर लोडर को वसुलिया रोड पर आरा मशीन के अंदर ले जाने लगा। इस बीच अंधेरे का फायदा उठाकर उमर व एनुल हसन भाग गए। पुलिस ने ड्राइवर नूर मियां निवासी पाल अभय कचनार थाना मोहम्मदी जिला लखीमपुर खीरी को हिरासत में ले लिया।
एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है। ड्राइवर के पास लकड़ी काटने व परिवहन के संबंध में कागज भी नहीं मिले हैं। आरोपी बिना अनुमति चोरी से खीरी से लकड़ी काटकर शाहजहांपुर में लगी एनुल हसन की आरा मशीन में लाते थे। लोडर वाहन का मालिक उमर हसन है।