शाहजहांपुर। जिले की बिजली आपूर्ति को बेहतर करने के लिए शुरू की गई रीवैंप योजना के नाम पर कार्यदायी संस्था खेल कर रही है। शहर से लेकर गांवों तक अधूरा कार्य होने पर भी कागजों पर पूर्ण दिखा दिया गया है। इसे लेकर विधायकाें ने गत दिनों हुई बैठक में बिजली निगम के अफसरों से नाराजगी भी जताई थी।
वर्ष 2022 में 187 करोड़ के बजट से रीवैंप योजना के तहत कार्य को शुरू कराया गया था। इसके तहत जर्जर खंभों, तारों आदि को बदलकर नया लगाना था। मार्च 2025 तक कार्य को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अब तक मात्र 75 प्रतिशत कार्य ही ही हो सका। इसमें भी खेल किया गया।
शहर में बिजली नेटवर्क की स्थिति काफी ज्यादा खराब है। ऐसे में एलटी के नंगे तारों को हटाकर बंच लाइन डालने का काम होना था। इसमें आधा काम किया गया, शेष छोड़ दिया गया। लाल इमली चौराहा से घंटाघर मार्ग पर बंच पड़ गई, जबकि रुद्र बाला जी धाम से आगे की ओर पुराने जर्जर तार ही पड़े रहे।
ऐसे में अब लाल इमली चौराहा पर पेट्रोल पंप के पास तारों को सही से नहीं जाेड़ने से आए दिन फॉल्ट होते रहते हैं। पुराने गन्ना दफ्तर की ओर जाने वाले मार्ग पर तार काफी नीचे हैं। इसी तरह एसपी कॉलेज रोड, घंटाघर रोड, सदर बाजार, लोदीपुर समेत कई इलाकों में कार्य अधूरा पड़ा है। इसके चलते हल्की हवा चलने या बूंदाबांदी होने पर बिजली की आपूर्ति बाधित हो जाती है।
कागजों में कराया काम, ट्रिपिंग से लोग बेहाल
ददरौल विधानसभा से विधायक अरविंद सिंह ने अधूरा कार्य कराने पर गत दिनों बैठक में नाराजगी जताई थी। उन्होंने बताया कि अटसलिया से बरतारा होते हुए निगोना मकरंदपुर तक लाइन जर्जर है। कुर्रिया कलां, बरीखास समेत कई गांवों में कराए गए कार्य के सापेक्ष अधिक काम दिखाए गए। इसके अतिरिक्त बरतारा फीडर के 18 गांवों में बिजली का कार्य नहीं कराया गया।
अधूरे कार्य की शिकायत पर वित्त मंत्री ने लिया संज्ञान
भाजपा नेता व वार्ड 16 के पार्षद जगदीश कुशवाहा के वार्ड में अधूरा कार्य कराकर कार्यदायी संस्था का ठेकेदार लौटकर नहीं आया। पुराने एआरटीओ वाली गली, डिप्टी रफी उल्ला वाली मस्जिद रोड समेत कई जगह पर कार्य नहीं होने पर वित्त मंत्री से शिकायत की गई। मंत्री ने एसई को कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।
रीवैंप योजना के तहत 75 प्रतिशत तक कार्य पूर्ण कर लिया गया है। योजना के तहत कार्य अभी खत्म नहीं हुआ है। जहां कार्य रह गया है वहां कराया जाएगा।
- जागेश कुमार, एसई-बिजली निगम
लाल इमली चौराहा पर पेट्रोल पंप के पास तार टूटने का रहता है डर। संवाद
लाल इमली चौराहा पर पेट्रोल पंप के पास तार टूटने का रहता है डर। संवाद