शाहजहांपुर। गन्ना शोध पेंशन कल्याण समिति की बैठक गन्ना शोध परिषद में हुई। इसमें सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने पेंशन बंद किए जाने पर कार्यकारी निदेशक के खिलाफ आक्रोश जताया। महासचिव पवन सिंह ने आरोप लगाया कि कार्यकारी निदेशक से फोन से बात करने पर उन्होंने आदेश को उचित ठहराते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। कर्मचारियों ने इसके विरोध में मंगलवार को डीएम को ज्ञापन देने का निर्णय किया। इस बीच आंदोलन करने के लिए रणनीति बनाई गई।
उन्होंने बताया कि उप्र गन्ना शोध परिषद के सभी केंद्रों और संस्थानों मुजफ्फरनगर, गोला, गोरखपुर, सेवरही सादात, सुल्तानपुर, बलरामपुर, लक्ष्मीपुर के स्थायी कर्मचारियों और किसानों के सहयोग से जन आंदोलन का निर्णय किया गया। मुजफ्फरनगर केंद्र के सेवानिवृत्त कर्मचारी अरविंद कुमार शर्मा ने इस मामले में आत्मदाह की धमकी दी। दूसरे केंद्रों से भी आंदोलन करने की सूचना मिल रही है। पवन कुमार सिंह, संजय कुमार सक्सेना, ब्रह्मानंद श्रीवास्वत, रविंद्र कुमार, लालराम, हरिपाल सिंह, बालगोविंद दीक्षित आदि मौजूद रहे। संवाद