शाहजहांपुर। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन से जुड़े पेंशनरों ने 23 सूत्री मांग पत्र लंबित रखे जाने के विरोध में सोमवार को खिरनीबाग के जीआईसी मैदान पर प्रदर्शन कर धरना दिया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि दो वर्ष से शासन स्तर पर लंबित मांगें निस्तारित नहीं होने पर आंदोलनात्मक कदम उठाना पड़ा। बाद में मुख्यमंत्री के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया गया।
धरनास्थल पर पेंशनरों की सभा में संगठन की जनपदीय सलाहकार समिति के सदस्य अनिल दीक्षित ने कहा कि लोकतंत्र में जब राज्य सरकारें मनमानी करने लगें तो उस राज्य के वरिष्ठ नागरिकों का यह दायित्व होता है कि वह इसका उचित प्रतिरोध कर उन्हें ऐसा नहीं करने को सचेत करें। वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश्वर दयाल तिवारी ने सभी विभागों के कर्मचारियों और पेंशनरों को मिलने वाली सुविधाओं में एकरूपता लाने की मांग की। मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में भी इन्हीं मांगों का उल्लेख किया गया है। इस मौके पर संगठन के कार्यकारी जिलाध्यक्ष ओमकार नाथ शुक्ला, जिला मंत्री भूप सिंह, नगर अध्यक्ष एमएमए खान, पीके अग्निहोत्री, ओम प्रकाश त्रिवेदी, चिम्मन लाल गंगवार, गया प्रसाद यादव, प्रताप नारायण अवस्थी, मोहम्मद खालिद हुसैन, विष्णु प्रकाश गुप्ता, उमेश अवस्थी, डॉ. अरुण सक्सेना आदि मौजूद रहे।