सीएमओ कार्यालय में स्थित रेड क्रॉस कार्यालय में शपथ लेते चिकित्सक। स्रोत : सोसाइटी
शाहजहांपुर। 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तीसरे दिन चिकित्सकों और पदाधिकारियों ने आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। सीएमओ कार्यालय परिसर स्थित रेडक्रॉस कार्यालय में हुई बैठक में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर चर्चा की गई।
चिकित्सकों ने भगवान धन्वंतरि और महर्षि चरक को साक्षी मानकर शपथ ली कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली, उचित आहार-विहार, योग, व्यायाम और रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगे। रेडक्रॉस सचिव डॉ. विजय जौहरी ने बताया कि औषधीय पौधों के संरक्षण और उपयोग के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। बैठक में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. राजेंद्र कुशवाहा, डॉ. एसपी कौशल, डॉ. आरपी सक्सेना, डॉ. हितेश गुप्ता, डॉ. रवि सक्सेना, संजय अग्रवाल, बृजेश गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद