उत्तराखंड में हो रही बारिश के बाद खन्नौत नदी के जलस्तर में वृद्धि होने से कठपुरा घाट पर बने पैंटून पुल से पटले हटा दिए गए हैं। इससे लगभग आठ से दस गांवों का संपर्क ब्लॉक मुख्यालय से टूट गया। इन लोगों को अब पांच की जगह 10 किलोमीटर का चक्कर लगाकर सिंधौली आना पड़ रहा है।
सिंधौली से कठपुरा, पनबाड़ी, नगला शाहजहां आदि गांवों जाने को कठपुरा घाट पर खन्नौत नदी के ऊपर हर वर्ष पैंटून पुल बनाया जाता है। इससे साइकिल, मोटरसाइकिल के अलावा हल्के चार पहिया वाहन भी निकल जाते थे, लेकिन अब यह रास्ता बंद हो चुका है। इन गांवों में जाने के लिए अब गोरारायपुर में बने खन्नौत पुल से लगभग दस किलोमीटर ज्यादा दूरी का चक्कर लगाकर जाना होगा। सबसे ज्यादा दिक्कत उन किसानों को हुई हुई है जो खेतों में सब्जी आदि उगाकर सिंधौली बाजार में ले जाकर बेचते हैं। अब किसानों को अपना माल बेचने को 10 किलोमीटर अतिरिक्त साइकिल दौड़ानी होगी।