शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के अब्दुल्लागंज बिजली उपकेंद्र की चेकिंग टीम के साथ मारपीट और अभद्रता के मामले में जेई आदर्श कुमार की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। आरोपियों में दो लोगों को नामजद किया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बुधवार दोपहर अब्दुल्लागंज बिजली उपकेंद्र के टीजी-2 राहुल कुमार व अमित कुमार के नेतृत्व में सुभाष चंद्र, संविदाकर्मी रंजीत यादव, फैसल, विवेक सकसेना, रामदास वर्मा आदि राजस्व वसूली करने निकले थे। मोहल्ला वाजिदखेल में बिजली चोरी पकड़े जाने पर कर्मचारियों ने मोबाइल से वीडियो बना ली। सलमान और सरोवर समेत छह अज्ञात लोग आ गए। उन्होंने कर्मियों से मोबाइल छीनकर पैटर्न लॉक खुलवाकर वीडियो डिलीट करा दिए। मारपीट करते हुए सरकारी प्रपत्र फाड़ दिए। इस बीच टीजी-टू का सिर दीवार में भिड़ा दिया। एक कर्मचारी ने वहां से निकलकर जेई को टीम बंधक बनाए जाने की सूचना दी। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दो नामजद समेत आठ लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, जान से मारने की धमकी देने, बंधक बनाने आदि की धाराओं में केस दर्ज किया।
अब्दुल्लागंज बिजली उपकेंद्र पर हंगामा, लगाए गंभीर आरोप
शहर के अब्दुल्लागंज बिजली उपकेंद्र पर बुधवार शाम एक युवक ने जमकर हंगामा किया। कर्मचारियों के साथ गालीगलौज करते हुए वसूली करने का आरोप लगाया। उसके शोरशराबा करने पर बिजली उपकेंद्र पर भीड़ लग गई। जेई आदर्श कुमार ने बताया कि हंगामा करने वाला युवक नशे में था। रुपये वसूलने की बात निराधार है।