शाहजहांपुर। लॉकडाउन के बीच बृहस्पतिवार को भी लोग निकलने से नहीं चूके। सुबह लोग खरीदारी को घर से निकले तो उन्हें कुछ देर को छूट दे दी गई, लेकिन 11 बजे के बाद लॉकडाउन का पालन कराना शुरू हुआ तो एक दो को पुलिस ने डंडा लेकर दौड़ाया। कुछ लोगों ई-रिक्शा से को उतार दिया गया तो कुछ को हिदायत देकर घरों में बंद रहने की बात कहते हुए लौटा दिया गया। इस दौरान अधिकांश लोगों ने अस्पताल और दवा का बहाना बनाया, जिस पर कुछ लोगों की पुलिस कर्मियों से नोकझोंक भी हो गई। मगर आवाजाही का सिलसिला दिनभर नहीं थमा। इसके चलते आरसी मिशन थाने में चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई तो बरेली मोड़ पर दस वाहनों के चालान किए गए।
कार से निकले, तब भी रोक लिया पुलिस ने
खिरनीबाग चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड के जवान खड़े हुए थे। कुछ लोग पैदल निकले रहे थे इक्का-दुक्का लोग बाइक और चौपहिया वाहनों से भी निकल रहे। इस दौरान पुलिस ने चौपहिया वाहन से गुजर रहे एक शख्स को रोक लिया। पूछताछ शुरू हुई तो प्राइवेट अस्पताल जाने की बात कहते हुए गाड़ी आगे बढ़ाने लगा। पुलिस ने बेवजह न घूमने की हिदायत देकर जाने दिया।
डंडा दिखाकर पकड़वाए कान, माफी भी मंगवाई
राजकीय इंटर कॉलेज तिराहे के पास इक्का-दुक्का लोग निकल रहे थे। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी आने-जाने वालों से उनके बाहर निकलने का कारण भी पूछ रहे थे। इसी बीच एक साइकिल सवार युवक गुजरा तो उसने इधर-उधर की बहानेबाजी बनानी शुरू की तो पुलिस का लहजा सख्त हो गया। डंडा दिखाते हुए सीधे कान पकड़वाए और माफी मंगवाई।
ऐसे घेर लिया, जैसे निकल रहा हो बड़ा अपराधी
खिरनी बाग चौराहे पर दोबारा पहुंचे तो यहां एक बार फिर पुलिस ने एक साइकिल सवार को ऐसे घेर लिया, जैसे कोई बड़ा अपराधी जा रहा हो, चारों ओर से उसे पुलिस कर्मियों ने घेर लिया और सीधे डंडा तान दिया। जैसे-तैसे उसने बताया कि वह दवा लेने मेडिकल स्टोर जा रहा है। इसके बाद उसे बमुश्किल जाने दिया गया। हालांकि इस दौरान कई अन्य लोगों को रोका गया और बेवजह न घूमने की हिदायत देकर जाने दिया गया।
लॉकडाउन में निकले तो पुलिसकर्मी ने जड़ दिया डंडा
लालइमली चौराहे से भी इक्का-दुक्का लोगों का आना-जाना लगा हुआ था। कोई रोडवेज बस स्टैंड की ओर जा रहा था, तो कोई ईदगाह की और घंटाघर की ओर। यहां से लोगों को बिना उचित कारण आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई। इसी बीच एक साइकिल सवार युवक तेजी से गुजरा तो एक पुलिस कर्मी ने उसे डंडा मारकर भगाया।
खरीदारी को उमड़े लोगों को पुलिस ने दौड़ाया, फटकारी लाठियां
सिंधौली। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को लागू किए गए लॉकडाउन के दूसरे लोग खरीदारी को निकले लोगों को पुलिस ने दौड़ा लिया। उन्हें लाठियां फटकार कर भगाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से व्यापारियों में रोष है।
लॉकडाउन के दूसरे दिन बृहस्पतिवार सुबह लगभग सात बजे दुकानदार दुकानें खोलकर बैठ गए। खरीदारी करने वालों की भी भीड़ उमड़ने लगी। बताते हैं कि सुबह 11 बजे तक लोगों को सामान खरीदने की छूट दी गई थी लेकिन जैसे ही दुकानों पर भीड़ बढ़नी शुरू हुई पुलिस ने सुबह दस बजे से ही सख्ती दिखानी शुरू कर दी और दुकानों के पास पहुंचकर लोगों को हड़काना शुरू कर दिया। जो लोग वहां से नहीं हटे, उन्हें लाठियां फटकार कर भगाना शुरू कर दिया। इस वजह से मैनी के रामभरोसे, कंधऊचक के दीनदयाल, बारापुर के स्वामी दयाल, सैंजना के प्रदीप यादव आदि तमाम लोग सामान नहीं ले जा पाए। संवाद
दस वाहनों के काटे गए चालान, रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी
कोरोना वायरस के चलते किए गए लॉकडाउन के दूसरे दिन चौक पुलिस ने हाईवे पर सख्ती दिखाई। पुलिस ने हाईवे की ओर से शहर में आ रहे लोगों से कड़ाई से पूछताछ की। बेवजह आने वालों के चालान काटे गए।
दूसरे दिन अजीजगंज चौकी प्रभारी नासिर खान ने चौराहे के चारों ओर बैरिकेडिंग कराकर रोड को सील कर दिया। बरेली, लखनऊ, फर्रुखाबाद की ओर से आने वाले चार पहिया वाहन चालकों को रोककर सख्ती से पूछताछ की। बेवजह आने पर उन्हें लौटा दिया गया। बेवजह घूम रहे दोपहिया वाहन चालकों पर सख्ती कर दस के चालान काटे।
धारा 188 के तहत पुलिस ने काटा चालान, निजी मुचलके पर छोड़ा
भावलखेड़ा। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों से पुलिस अब सख्ती से निपटने के मूड में आ गई है। रामचंद्र मिशन पुलिस ने इसी तरह की कार्रवाई करते हुए चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनका चालान कर दिया। हालांकि उन्हें बाद में निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। इन लोगों की कार को पुलिस ने सीज कर दिया है।
प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ला ने बताया कि बुधवार की रात पुलिस टीम लॉकडाउन को लेकर थाना क्षेत्र में भ्रमण पर थीं। इस दौरान पुत्तूलाल चौराहे के पास बेवजह कार से घूम रहे चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी घूमने की कोई सटीक वजह नहीं बता पाए। पकड़े गए आरोपियों में दिल्ली के सीलमपुर के शास्त्री पार्क निवासी रईस खान, असलम, हरदोई के थाना शाहाबाद के मोहल्ला महमद निवासी हसीब, मीरानपुर कटरा के गांव खैरपुर निवासी फिरोज शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ चौकी प्रभारी फत्तेपुर दिलीप सिंह चौहान की ओर से धारा 188 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपियों की कार को सीज कर दिया गया।