शाहजहांपुर। बिहार राज्य के वार्ड नंबर 42 विष्णुपुर चांदनी चौक निवासी चिंटू कुमार की पत्नी का पर्स गरीब नवाज एक्सप्रेस से चोरी हो गया। पर्स में लाखों रुपये के जेवर थे। जीआरपी ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
20 जनवरी 2026 को चिंटू कुमार अपनी पत्नी के साथ ट्रेन में सफर कर रहे थे। पीड़ित के अनुसार, ट्रेन में काफी ज्यादा भीड़ थी। गाड़ी शाहजहांपुर स्टेशन पर पहुंचने पर एक व्यक्ति ने उनकी पत्नी का पर्स चुरा लिया। घटना की जानकारी होने के बाद हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल कर सूचना दी। इस बीच उन्होंने अपनी यात्रा को जारी रखा।
पर्स में दस ग्राम की सोने की चेन, तीन ग्राम का दुर्गा जी का लॉकेट, कान की बाली, दस हजार रुपये आदि थे। यात्रा समाप्त होने पर उन्होंने जीआरपी थाने में तहरीर दी। सहारनपुर से ट्रांसफर होकर छह अप्रैल को शाहजहांपुर जीआरपी थाने में केस भेजा गया। इंस्पेक्टर रमांकर यादव ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद