शाहजहांपुर। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में युवती व किशोरी के अपहरण के चार मामले सामने आए हैं। पुलिस ने चारों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टीमों को लगा दिया गया है।
रोजा थाने में एक गांव के व्यक्ति ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी को चार अगस्त की रात करीब आठ बजे जसकरन सिंह निवासी भल्ला थाना अजनाला जिला अमृतसर, पंजाब अपहरण कर ले गया। जब उसके पिता बलकार सिंह से बातचीत की और किशोरी वापस करने के लिए कहा तो उसने मारने की धमकी दी।
वहीं, दूसरी ओर रोजा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में एक ग्रामीण ने बताया कि छह अगस्त की रात उसकी नाबालिग बेटी को लखीमपुर खीरी जिले के थाना भीरा के सरधौली गांव निवासी विवेक दीक्षित अपहरण कर ले गया। बेटी के अपहरण में विजेन्द्र कुमार, शिव प्रकाश ने विवेक का साथ दिया है।
किशोरी को ले गया पड़ोसी गांव का युवक
मदनापुर थाने में एक ग्रामीण ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी बेटी की उम्र तकरीब 15 साल है। बेटी दो छोटे भाइयों संग अकेली रहती है। छह अगस्त की रात करीब 12 बजे दूसरे गांव इस्माइलपुर के रचित सिंह, दानवीर व भोले ने बाइक से आए। बेटी का अपहरण कर ले गए। बेटी अपने साथ दस हजार रुपये एक सोने की चेन, दो सोने की अंगूठी, एक जोड़ी पायल ले गई।
माल-जेवर लेकर युवक संग चली गई युवती
आरसी मिशन थाने में एक मोहल्ले के व्यक्ति ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि कुछ दिन पूर्व उसकी बेटी को मोहल्ले का ही निजाम ले गया। बेटी अपने साथ 20 हजार रुपया व जेवर भी साथ ले गई है। बेटी की काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस ने युवती की तलाश में टीम लगा दी है।