एसपी के निर्देश पर पुलिस ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
तिलहर। एसपी के निर्देश पर अमेरिका में रहने वाले वाले युवक का फर्जी आधार कार्ड बनवाकर उसकी 32 एकड़ कृषि भूमि से डेढ़ बीघा भूमि का बैनामा एक महिला के नाम पर कर दिया गया। शिकायत पर पुलिस ने महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अमृतसर के रहने वाले हरभजन सिंह ने एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि उसका दामाद क्रांतिपाल, उसकी बेटी के साथ अमेरिका में रहता है। उसकी 32 एकड़ भूमि थाना कटरा क्षेत्र के गांव रेहरा में है। गांव का पप्पू इस खेत की देखभाल करता रहा है। कुछ दिन पहले उसकी मृत्यु के बाद उसका बेटा देखभाल कर रहा है।
बताया कि उसे जमीन का कुछ भाग बेचे जाने की सूचना प्राप्त हुई। आरोप है कि तिलहर के मोहल्ला बारह पत्थर से किसी ने उसके दामाद क्रांति पाल का फर्जी आधार कार्ड बनाकर 32 एकड़ भूमि से डेढ़ बीघा भूमि तहसील तिलहर के गांव बरखेड़ा जयपाल निवासी रुचि देवी के नाम 17 मार्च 2023 को बैनामा कर दी।
हरभजन सिंह ने पुलिस को दस्तावेज पेश करते हुए कहा है कि उसके दामाद क्रांति पाल ने उसे भूमि की पाॅवर आफ अटॉर्नी दे रखी है। थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रुचि देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।