पुवायां। भटपुरा चंदू में शौचालय व पंचायत भवन के निर्माण में अनियमितता मिलने के मामले में एडीओ पंचायत रमेश चंद्र मिश्रा ने प्रधान नीरज गौतम, तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी जयप्रकाश मिश्रा और अशोक गंगवार पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव कुंवरपुर निवासी संतोष कुमार ने लोक आयुक्त से शिकायत की थी कि गांव में विकास कार्य मानक के अनुरूप नहीं कराए गए हैं। इसके बाद डीएम के निर्देश पर टीम ने जांच की थी। जांच में गांव के सामुदायिक शौचालय की दीवारों पर जगह-जगह दरारें मिली थीं। सबमर्सिबल पंप लगा मिला था, लेकिन कनेक्शन नहीं था।
इस मामले में कुल लागत 3,53,565 का 20 प्रतिशत 70,713 के सरकारी धन का दुरुपयोग/गबन पाया गया। अनियमितता मिलने पर तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी जयप्रकाश मिश्रा, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा की तत्कालीन अवर अभियंता अनीता वर्मा, प्रधान नीरज गौतम पर समान रूप से 23,571-23,571 रुपये की वसूली तय की गई थी।
जांच में पंचायत भवन में प्लेटफार्म की टाइल्स दबी मिली थी। सैप्टिक टैंक अधूरा था। बाहरी दीवार पर बड़ी दरारें मिली थीं। निर्माण में अनियमितता के लिए प्रधान नीरज गौतम, तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी अशोक गंगवार, जयप्रकाश मिश्रा, लघु सिंचाई के अवर अभियंता संतोष शर्मा, लघु सिंचाई के तत्कालीन अवर अभियंता (सेवानिृवत्त) बिजेंद्र सिंह राठौर, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के तत्कालीन अवर अभियंता शंकरलाल को पंचायत भवन की कुल लागत 13,41,105 का दस प्रतिशत 1,34,110 का दोषी पाया गया है।
प्रधान को 44,703, जयप्रकाश मिश्रा को 22,352, अशोक गंगवार को 22,352, संतोष शर्मा को 14,901, बिजेंद्र सिंह राठौर को 14,901, शंकरलाल को 14,901 सरकार धन के दुरुपयोग/गबन का दोषी पाया गया था। अशोक गंगवार की दो वर्षों तक देय वार्षिक वेतन वृद्धियां रोकते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान भी दी गई थी।
अब इस मामले में एडीओ पंचायत ने रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि भटपुरा चंदू में अनियमितताओं के मामले में जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने का आदेश दिया गया है। तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी जयप्रकाश मिश्रा जो वर्तमान में जैतीपुर में तैनात हैं और अशोक गंगवार जो वर्तमान में खुदागंज में तैनात हैं, उनके खिलाफ पंचायत राज अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाए। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।